जौनपुर। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा शनिवार को दोपहर बाद जांच करने पर सुजानगंज के 15 आंगनबाड़ी केंद्र बंद पाए गए। जिसे गंभीरता से लेते हुए डीपीओ ने सभी बंद आंगनबाड़ी केंद्रो के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का एक दिन का वेतन रोकने और दो मुख्य सेविकाओं के निलंबन की संस्तुति की है। जिला कार्यक्रम अधिकारी गोबिंद दयाल यादव ने शनिवार को दोपहर बाद सुजानगंज ब्लाक में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रो का निरीक्षण किया । इस दौरान कुल 15 आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिले। जिसमें सरायभोगी के प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ, प्यारेपुर के प्रथम, द्वितीय व तृतीय, सलारपुर के प्रथम, द्वितीय व तृतीय, दहेव के प्रथम, द्वितीय व तृतीय सहित बेलवा व खेमपुर के आंगनबाड़ी केंद्र है। जिस पर डीपीओ ने इन सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का दिन का वेतन रोकने की संतुती की है। वहीं बाल विकास परियोजना सुजानगंज की आधार फीडिंग की प्रगति बहुत धीमी और अत्यंत खराब पाई गई। साथ ही कार्यालय में कोई भी कर्मचारी उपस्थित नहीं था। जिस पर मुख्य सेविका साधाना सिंह व चंद्रकला के निलंबन की संस्तुति की गई है।