जौनपुर। ग्राम पंचायत की खुली बैठक में कार्ययोजना स्वीकृति और प्रशासन की अनुमति के बगैर जिले की 700 से अधिक ग्राम पंचायतों ने कूड़ेदान खरीद लिए हैं। इन कूड़े दानों की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है और उसके लिए मनमाने तरीके से भुगतान किया गया है। एक जैसे कूड़ेदान के लिए किसी ने चार हजार रुपये दिए हैं तो किसी ने नौ हजार का भुगतान किया है। इस मामले में उप निदेशक पंचायती राज ने जिला पंचायत राज अधिकारी से विवरण तलब किया है।
जिले के 21 विकास खंडों में 1749 ग्राम पंचायतें है। इनमें रामनगर, सुईथाकला, बरसठी, मुंगराबादशाहपुर, मछलीशहर, सिकरारा, केराकत,खुटहन, मंडियाहूं आदि विकासखंडों के तकरीबन 700 ग्राम पंचायतों ने चार हजार से नौ हजार में प्रति डस्टबीन की दर से खरीद की है। जिस तरह के कूड़ेदान खरीदे गए हैं, उनकी बाजार में कीमत तीन हजार रुपये तक है। इसकी सूचना मिलने पर वाराणसी मंडल के उप निदेशक पंचायती राज ने खरीद पर रोक लगा दी और डीपीआरओ से विवरण मांगा है।
सुईथाकला विकास खंड के 153 प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूलों पर डस्टबिन लगवाए गए हैं। ग्राम पंचायत ने प्रति डस्टबीन दस हजार पांच सौ रुपए का भुगतान किया है। बरसठी के कसेरवां, बसेरवां, जरौटा, तिकरा, चितांव के सेक्रेटरी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राम निधि खाते से 4600 रुपए की दर से डस्टबिन खरीदे गए हैं। एक गांव में चार से पांच डस्टबिन लगाए गए हैं। महमदपुर पट्टीहुलास के प्रधान ने बताया कि 5500 की दर से कूड़ेदान खरीदा गया है। जलालपुर के एडीओ पंचायत उदयशंकर सिंह मुन्ना ने बताया कि उनके यहां किसी ने नहीं खरीदा है। मुंगराबादशाहपुर के एडीओ पंचायत केशव प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि चार ग्राम पंचायतों ने आठ हजार रुपये की दर से डस्टबिन खरीदे हैं। रामनगर की 60 ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने 400 डस्टबिन नौ हजार रुपये की दर से खरीदा है, जिसका भुगतान चौदहवें वित्त के धन से किया गया है। एडीओ पंचायत राधेश्याम यादव का कहना है कि शासन ने डस्टबिन खरीदने के लिए कोई आदेश नहीं था।
मछलीशहर की 35 ग्रामपंचायतों में खरीददारी हुई हैं। ग्राम पंचायत सचिव अमित सिंह ने बताया कि सरायदेवा, अगहुआ,माधोपुर, जगदीशपुर, मुजहना,चौकी खुर्द में 5-5 डस्टबिन आठ हजार 500 की दर से खरीदे गए हैं। सचिव ओमप्रकाश ने भटहर, रामपुर चौथार,चौकी कला, अलापुर ,गोधना ,बनकट में दो-दो कूड़ेदान खरीदने की बात कही। विनय शुक्ला ने भी मुजार, सहिजदपुर,बसहटा,जीरकपुर कोटवा तथा ग्रामपंचायत सचिव प्रदीप कुमार ने पूरा फगुई और उमापुर में दो दो डस्तविन उक्त दर पर खरीदने की जानकारी दी है। सिकरारा की 80 ग्राम सभाओं और केराकत के 127 प्राथमिक विद्यालयों एवं 44 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में डस्टबिन की खरीद हुई है।
डस्टबिन क्रय करने का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है। ग्राम पंचायतों ने बिना कार्ययोजना बनाएं क्रय होगा तो उनके खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई होगी। उप निदेशक पंचायतीराज वाराणसी मंडल ने विवरण मांगा है। जिसके क्रम में सभी एडीओ पंचायत से विवरण मांगा गया है।
सभाजीत पांडेय
डीपीआरओ