जौनपुर। वरिष्ठ चिकित्सक डा. जितेंद्र नारायण सिंह रघुवंशी को इंडियन होम्योपैथिक आर्गनाइजेशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष और डा.राम नारायण सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएचओ की बागडोर जिले के हाथ आने पर जिले के चिकित्सकों ने खुशी जाहिर की। चिकित्सकों ने कहा कि दोनों पदाधिकारियों के नेतृत्व में होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में प्रगति होगी। पश्चिम बंगाल के बंडेल (हुगली) में आयोजित अखिल भारतीय होमियोपैथिक कांग्रेस में देश के जाने-माने चिकित्सकों ने शोध प्रस्तुत किया। गंभीर बीमारियों के उपचार व होम्योपैथिक चिकित्सा के उत्थान पर भी मंथन किया गया। इस मौके पर सर्व सम्मति से आईएचओ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. जितेंद्र सिंह रघुवंशी को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। डा. रघुवंशी इसके पूर्व राजकीय तिलकधारी होमियोपैथिक मेडिकल कालेज छात्र संघ अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश होमियोपैथिक छात्र संघ महासंघ के प्रदेश महामंत्री, 1997 में इंडियन होमियोपैथिक आर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव समेत कई दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं।