मडिय़ाहूं(जौनपुर)। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को रोटावायरस और पोलियो का टीका लगने के कुछ देर बाद ही डेढ़ माह के मासूम की मौत हो गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृत बच्चे के परिजनों ने एएनएम की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाया। मृत बच्चे की मां की तहरीर पर पुलिस ने एएनएम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। चिकित्सा अधीक्षक के मुताबिक दूध सांस की नली में जाने से बच्चे की मौत हुई है।
रामपुर थाना क्षेत्र के अचानकपुर दमोदरा गांव निवासी राजेश यादव की पत्नी मनीषा देवी अपने डेढ़ माह के पुत्र आर्या को टीका लगवाने के लिए अपनी ननद प्रिया के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मडिय़ाहूं आई थी। अस्पताल में करीब 11 बजे एएनएम ने बच्चे को डायरिया से बचाव के लिए रोटावायरस व पोलियो का ड्रप पिलाया और पैशनल आईपीवी का इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि टीका लगने के कुछ देर बाद ही बच्चे की नांक और मुह से रक्त आ गया और उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत पर मां दहाड़े मारकर रोने लगी। महिला के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर महिला के घर और गांव से भी काफी लोग पहुंच गए। लोगों ने बच्चे की मौत के लिए एनएनएम को जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया। मृत बच्चे का पिता रोजी रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहता है। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक एमएस यादव का कहना है कि बच्चे की मां द्वारा बच्चे को दूध पिलाया जा रहा था इस दौरान दूध सांस की नली में चला गया जिससे बच्चे की मौत हो गई। एनएम ने उसी जगह पर करीब दस बच्चों को वही टीका लगाया जिन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। जबकि मृत बच्चे की मां मनीषा ने एएनएम के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर एएनएम पर लापरवाही की आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी एएनएम कांती राय के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मडिय़ाहूं के क्षेत्राधिकारी एके शुक्ला का कहना है कि महिला की तहरीर पर एएनएम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मासूम की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।