नेवढ़िया। युवा कल्याण विभाग की ओर से ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन रामनगर ब्लॉक पंडित श्यामलाल मेला मैदान में किया गया। उद्घाटन खंड विकास अधिकारी रामचरित्र यादव ने किया। प्रतियोगिता 400 मीटर के दौड़ के साथ शुरू हुई। इसमें बालक वर्ग में हथियाडीह गांव के सदानंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में रामनगर की कविता ने बाजी मारी। 3000 मीटर दौड़ में मनोज कुमार यादव ने बाजी मारी। इसी क्रम में 100 मीटर के दौड़ बालक वर्ग में प्रथम स्थान हथियाडीह गांव के सोनू ने हासिल किया और बालिका वर्ग में कविता यादव ने प्रथम स्थान पर कब्जा किया। 800 मीटर दौड़ बालक वर्ग में विशाल को पहला, बालिका वर्ग में अंतिमा मौर्य ने बाजी मारी। वहीं, 1500 मीटर के दौड़ में विकास मौर्य ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी क्रम में आगे कबड्डी में बालक वर्ग में कुत्तूपुर की टीम ने परचम लहराया। बालिका वर्ग तलासपुर की टीम अव्वल रही। वालीबॉल बालक और बालिका वर्ग में बारी गांव का दबदबा रहा। समापन प्रमुख रामनगर अरविंद सिंह ने पुरस्कार वितरित किया। रेफरी विजय शंकर यादव और लाल साहब रहे। कार्यक्रम के व्यवस्थापक त्रिलोकीनाथ मिश्र, उमेशचंद्र, सिद्धार्थ कुमार रहे। लालजी यादव ने आभार जताया।