जौनपुर। कलेक्ट्रेट माल अभिलेखागार स्थित संचित भूचित्र ग्राम कुल्हना मऊ में गड़बड़ी किए जाने का मामले को लेकर पिछले तीन दिनों से अधिवक्ता कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर चल रहे हैं। इससे वादकारियों को खासी परेशानी हो रही है। जिसको गंभीरता से लेते हुए डीएम अरविन्द बंगारी मलप्पा ने शनिवार को बार संघ के पदाधिकारियों को बुलाकर वार्ता की। इस दौरान अधिवक्ता आनंद मिश्र के प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद भी अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी रही।
वकीलों ने डीएम को बताया कि कुल्हना मऊ के नक्शा में आराजी नंबर 584 के आकृति को खुरचकर नक्शे में कूट रचना करते हुए आराजी नंबर 585 में मिला दिया गया है। प्रभारी माल अभिलेखागार व सीआरओ ने नक्शा का अवलोकन कराया। जिला बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी संजय राय ने अपनी रिपोर्ट में दिया कि नक्शा में कूट रचना की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं को भरोसा दिया कि मामले में दोषी कर्मियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होगी। वकीलों के कार्य बहिष्कार और हड़ताल से कलक्ट्रेट के सभी न्यायालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। वार्ता में कलक्ट्रेट अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष जगत नारायण तिवारी, महामंत्री वृजेश कुमार यादव, कृष्ण नारायण पाठक, वीरेंद्र श्रीवास्तव, महेंद्र प्रताप सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, जयंती प्रसाद मिश्र, नजर हसन आदि रहे।