करंजाकला। मतदान से ठीक पहले पुलिस ने तीन लोगों के पास से 9.16 लाख रुपये नकदी बरामद की है। पूछताछ के दौरान वह इतनी अधिक मात्रा में नकदी लेकर चलने के बारे में कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं दे सके। पुलिस ने पैसा जब्त करते हुए स्टेटिक टीम को सूचना दी है। स्टेटिक टीम जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
मल्हनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत करंजाकला में सरायख्वाजा थाने की पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पाल्हामऊ निवासी शिवम सिंह के पास से 1.38 लाख, हुसैनाबाद निवासी जावेद के पास से 7.08 लाख और मनबल निवासी रोहित गुप्ता के पास से 69 हजार रुपये अलग-अलग नकदी बरामद हुई। आयोग के निर्देशानुसार 50 हजार से अधिक नकदी लेकर चलने पर पाबंदी लगाई गई है। बावजूद इतनी मात्रा में नकदी पास रखने के बाबत पुलिस ने तीनों से पूछताछ की तो वह पर्याप्त साक्ष्य नहीं दे सके। एसओ सुधीर कुमार आर्य ने बताया कि पूछताछ में पहले तो किसी ने बैंक तो किसी उधारी के रुपये होने की बात कही, मगर उनसे साक्ष्य मांगा गया तो वह इसे प्रस्तुत नहीं कर सके। तीनों के पास से धनराशि जब्त करते हुए आचार संहिता निगरानी के लिए बनी स्टेटिक टीम को सूचित कर दिया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रात भर डीएम-एसपी ने कराई वाहनों की चेकिंग
जौनपुर। मतदान में वोटरों को प्रभावित करने के लिए मनी पावर के इस्तेमाल की आशंका पर प्रशासन चौकन्ना रहा। डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसपी राजकरन नय्यर खुद भ्रमण करते रहे। रविवार की देर रात तक सिकरारा के शेरवां के पास हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी कराई गई। जांच के दौरान पैसा और बाहरी लोगों की मौजूदगी पर विशेष ध्यान रखा गया। सोमवार को भी देर रात तक जांच का क्रम जारी रहा।