जौनपुर। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के आचार्य प्रो. आरएन सिंह ने कहा कि शिक्षकों को समाज के परिवर्तन में भूमिका निभानी चाहिए। वह मंगलवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंध विभाग और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एकेडमिक लीडरशिप एंड एजुकेशन मैनेजमेंट की ओर से आयोजित चार दिवसीय अकादमी नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोल रहे थे। आोयजन मानव संसाधन विकास मंत्रालय एवं पंडित मदन मोहन मालवीय राष्ट्रीय शिक्षक मिशन एवं शिक्षण की ओर से किया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि जामिया मिलिया इस्लामिया के व्यवसाय प्रबंधन विभाग के प्रो. आफताब आलम ने कहा कि ज्ञान के प्रसार के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों को पारंपारिक विधि के अलावा ऑनलाइन कार्यक्रम, डिजिटल पाठ्यक्रम और दूरस्थ शिक्षा आदि को अपनाना चाहिए। अध्यक्षता कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने की। संयोजक एवं व्यवसाय प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष डा. मुराद अली ने कहा कि प्रशिक्षण में विभिन्न जनपदों से विश्वविद्यालय एवं कालेज से 60 से अधिक संकाय अध्यक्ष, प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष भाग ले रहे हैं। उच्च शिक्षा के प्रतिष्ठित शिक्षक बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के प्रो. एचपी माथुर, जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के प्रो. मोहम्मद अक्तर सिद्दिकी, इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की डा. सारा नशरिन आदि प्रशिक्षण देंगे। अतिथियों का स्वागत अमित सिंह वत्स एवं धन्यवाद ज्ञापन डा. सुशील सिंह ने किया। संचालन डा. मुराद अली ने किया।