मडियाहूं। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ है। यह पाकिस्तानी हमला है और उनको उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। यह बात भाजपा सांसद कलराज मिश्र ने मंगलवार को कही वह ब्रह्मदेव मिश्रा के आवास पर अपने बड़े भाई गणेश दत्त मिश्र की पुण्यतिथि समारोह में शामिल होने के लिए आए थे।
उन्होंने कहा कि पुलवामा बम विस्फोट में आतंकी संगठन जैस ए मोहम्मद ने जिम्मेदारी ली है। इस हमले से देश को ललकारने की कोशिश की गई है। प्रधानमंत्री इस पर रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। हमले के दोषियों व जिम्मेदारों को अविलंब सबक सिखाया जाएगा। सरकार शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदनशील है। पूरा देश शहीदों के परिजनों के साथ खड़ा है। दुश्मन देश को पता नहीं है कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है और अगर किसी ने छेड़ा तो उसे उसके हिसाब से जवाब दिया जाता है। भविष्य में उनके चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि पार्टी का जो निर्णय होगा उन्हें स्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि कई बड़ी -बड़ी परियोजनाएं उनके कार्यकाल में चलाई गईं. जिससे लाखों लोग लाभान्वित हुए। पार्टी ने हरियाणा प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। आगे जो भी जिम्मेदारी देगी उसे वे निभाएंगे।