ऑपरेशन क्लीन-2 के तहत हटाए जा रहे वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
जौनपुर। ऑपरेशन क्लीन के तहत थानों में खड़े पुराने वाहनों को हटाया जाना है। इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय के आंकड़ों के मुताबिक 29 सितंबर को 800 वाहनों की नीलामी होगी। हालांकि इसके बाद भी जनपद के सभी 27 थानों में 1500 से अधिक वाहन खड़े रहेंगे, क्योंकि यह मुकदमें में लंबित हैं। पुलिस विभाग में 1 अगस्त से 2 माह तक चलने वाले ऑपरेशन क्लीन-2 अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत थानों पर लावारिस और अन्य कारणों से पड़े वाहनों को हटाया जाना है। इसके लिए जनपद में भी ऑपरेशन क्लीन चलाया जा रहा है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जनपद में 27 थानों में 1500 वाहन खड़े हैं, जो विभिन्न मुकदमों के कारण वहां हैं। जबकि आपरेशन क्लीन-2 के तहत करीब 800 वाहनों की नीलामी होगी। इसमें करीब 23 बड़े वाहन हैं, बाकी दो पहिया वाहन हैं।
महराजगंजः
थाना परिसर के अंदर कुल 40 गाड़िया हैं। थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि 11 वाहनों की नीलामी 29 तारीख को होगी। शेष वाहन परिसर के अंदर सुरक्षित हैं।
बदलापुरः
कोतवाली में कुल 53 दो पहिया तो सात चार पहिया वाहन खड़े हैं, जिनमें अधिकांश मुकदमे में लंबित है तो महज तीन वाहन सीज है। कोतवाली परिसर के सामने सड़क के किनारे आधा दर्जन चार पहिया वाहन खड़े हैं।
शाहगंजः
कोतवाली में मुकदमें दो पहिया और चार पहिया 110 वाहन पंजीकृत हैं, जो खड़े हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों पर खड़े व सीज किए गए वाहनों की नीलामी 29 सितंबर को होगी। नीलामी सुबह 11 बजे पुलिस लाइन में आयोजित की जाएगी। बोली इसी दिन लगाई जाएगी। बोलीदाता नीलामी से पहले किसी भी कार्य दिवस में वाहनों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन कर सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीलामी निर्धारित नियमों व शर्तों के अनुसार ही की जाएगी।