जौनपुर। जिले में धान खरीदने की तैयारी शुरु हो गई है। धान खरीदने के लिए छह एजेंसियों के 73 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। धान की खरीद एक नवंबर से शुरु होकर 28 फरवरी 2020 तक होगी। एजेंसियों द्वारा क्रय केंद्र खोलने के लिए स्थानों का चयन किया जा रहा है।
जिले में कुल छह लाख 55 हजार 436 किसान है। जिनके द्वारा कुल दो लाख 22 हजार 851 हेक्टेयर खेत में खरीफ की फसल बोई गई है। जिसमें एक लाख 47 हजार 231 हेक्टेयर खेत में धान की खेती की गई है। किसानों को धान बेचने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़े। साथ ही वे औने-पौने दाम पर आढ़तियों को धान बेचने को विवश न हों। उनको धान का उचित मूल्य मिल सके। इसके मद्देनजर जिले में धान खरीदने की तैयारी जिला खाद्य विपणन द्वारा शुरु कर दी गई है। जिसके क्रम में धान खरीदने की जिम्मेदारी छह एजेंसियों को दी गई है। जिनके द्वारा 73 क्रय केंद्र खोलकर धान की खरीद की जाएगी। जिसमें खाद्य विभाग के 16, पीसीएफ के 42, यूपी एग्रो के 5, कर्मचारी कल्याण निगम के 3, पीसीयू 6 और भारतीय खाद्य निगम के एक क्रय केंद्र खोले जाने हैं। इन एजेंसियों द्वारा धान खरीद करने के लिए स्थानों का चयन किया जा रहा है।
धान बेचने के लिए कराना होगा रजिस्ट्रेशन
जौनपुर। बिना रजिस्ट्रेशन के किसानों से धान की खरीद नहीं की जाएगी। क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसान को रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक है। किसान जिला खाद्य विपणन विभाग के पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकता है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों का ही धान क्रय केंद्रो द्वारा खरीदा जाएगा। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने का कार्य 25 जुलाई से शुुरु है।
किसानों से धान खरीदने के लिए छह एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है। जिनके द्वारा 73 क्रय केंद्रों को खोलकर एक नवंबर से धान की खरीद की जाएगी। धान की खरीद उन्हीं किसानों का किया जाएगा। जिनका रजिस्ट्रेशन होगा। रजिस्ट्रेशन करने का कार्य 25 जुलाई से शुुरु है। किसान किसी भी साइवर कैफे से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
महेश कुमार श्रीवास्तव
जिला खाद्य विपणन अधिकारी