आझू राय इंटर कालेज शेरवा परीक्षा केंद्र में पहुंची छात्रों की जांच करते शिक्षक। संवाद
जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा पहले दिन सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। पहले दिन दोनों पाली में 7165 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दिया। परीक्षा में 144672 परीक्षार्थी शामिल हुए। बोर्ड परीक्षा बुधवार को जिले के 206 केंद्रों पर शुरू हुई। परीक्षा के लिए दोनों पालियों में कुल 151837 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 144672 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। हाईस्कूल हिंदी में कुल 76848 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 73154 परीक्षा में शामिल हुए। 3694 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में इंटर हिंदी में 33745 परीक्षा पंजीकृत थे। इसमें से 32184 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1561 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इंटर सामान्य हिंदी की परीक्षा में 41244 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 39334 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1910 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 8ः30 बजे से 11.45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 2 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित हुई।सिकरारा : परीक्षार्थियों को लाइन में लगाकर उनके आधार कार्ड व प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश दिलाया गया। थाना प्रभारी यूपी सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर उप निरीक्षक अथवा सिपाही की तैनाती रही। आझू राय इंटर काॅलेज शेरवा के केंद्र व्यवस्थापक ओपी उपाध्याय ने बताया कि प्रथम पाली में हाई स्कूल में हिंदी विषय की परीक्षा में पंजीकृत 256 के सापेक्ष 14 परिक्षार्थी अनुपस्थित रहे जब कि द्वितीय पाली की इंटर हिंदी की परीक्षा में 300 के सापेक्ष 12 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। श्रीराम इंटर कालेज रीठी के केंद्र व्यवस्थापक डॉ. रणविजय सिंह ने बताया कि हाई स्कूल की परीक्षा में 458 में 18 और इंटर में 313 में 07 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।