जौनपुर। सरकारी भवनों में रूफ टाॅप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं लगाए गए हैं। इसकी पड़ताल करते हुए अमर उजाला ने मंगलवार को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसका असर यह रहा कि जिले के 70 सरकारी भवनों में 1. 63 करोड़ से सिस्टम लगाने का लक्ष्य मिला है। इसकी स्वीकृति शासन स्तर से मिल गई है। रूफ टॉप हार्वेस्टिंग सिस्टम को बढ़ावा देने के पीछे सरकार की मंशा है कि गिरते भूजल स्तर को बढ़ाया जा सके। ताकि भविष्य में पानी की कमी से आने वाली पीढ़ी को न जूझना पड़े। इसके लिए इस वित्तीय वर्ष में जिले के 70 सरकारी भवनों पर कुल 51 हजार 364 वर्ग मीटर में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का लक्ष्य मिला है। सिस्टम स्थापित होने के बाद 37 हजार घन मीटर बरसात का पानी फिल्टर के माध्यम से भूगर्भ में जाएगा। जल एकत्र करने के लिए एक साल में 90 सेंटीमीटर बरसात की पानी की जरूरत है।
यहां लगेंगे सिस्टम-रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए बदलापुर विकास खंड कार्यालय, पुलिस लाइन परिसर सदर, कंपोजिट विद्यालय कान्हामऊ खुटहन, कंपोजिट विद्यालय बसौली सुइथाकला, प्राथमिक विद्यालय खटोलिया धर्मापुर, प्राथमिक विद्यालय डेडार रामनगर, प्राथमिक विद्यालय मई बक्शा, कंपोजिट विद्यालय बेलावा बक्शा, कंपोजिट विद्यालय कान्हापुर सुजान गंज आदि 70 जगहों पर चिह्नित किया गया है।
भूजल स्तर सुधारने के लिए जिले में 70 सरकारी भवनों पर रूफ टॉप रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का लक्ष्य मिला है। इसमें एक करोड़ 63 लाख खर्च किया जाएगा। इसकी स्वीकृति शासन स्तर से मिल गई है। प्रक्रिया पूरी होने पर काम शुरू करा दिया जाएगा। -अरविंद राय, सहायक अभियंता लघु सिंचाई विभाग