धर्मापुर। पूर्ति निरीक्षक धर्मापुर अर्चना सिंह ने जफराबाद थाना क्षेत्र के धर्मापुर बाजार में बृहस्पतिवार को छापा मारकर 7 अवैध सिलिंडर बरामद किए। बरामद किए गए सिलिंडरों को संबंधित कंपनी की एजेंसी में जमा करवा दिया गया। पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर कॉस्मेटिक के दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव को बुधवार को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के धर्मापुर बाजार ब्लॉक मोड़ पर एक कॉस्टमेटिक की दुकान में अवैध सिलिंडर जमा हैं और कालाबाजारी की जाती है। थाना प्रभारी ने पूर्ति निरीक्षक को मामले की सूचना दी जिस पर पूर्ति निरीक्षक ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सदर जय प्रकाश पांडेय थाने के इंस्पेक्टर क्राइम संजय कुमार सिंह के साथ उक्त दुकान पर पहुंच गए। उनके द्वारा छापा मारकर मोड़ के पास स्थित बोल बम इंटरप्राइजेज नाम से कॉस्मेटिक की दुकान से कुल 7 अवैध सिलिंडरों की बरामदगी हुई। इसमें 6 घरेलू व 1 सिलिंडर कमर्शियल पाया गया। पुलिस ने उक्त दुकानदार विनोद कुमार को हिरासत में ले लिया तथा अवैध सिलिंडरों को भी अपने कब्जे में ले लिया। मांग करने पर दुकानदार विनोद कुमार कोई भी कागजात मौके पर नहीं दिखा सके। इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक अर्चना सिंह ने बताया कि उक्त दुकानदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। बरामद गैस सिलिंडर को संबंधित कंपनी की नजदीकी एजेंसी पर जमा करवा दिया गया है।