जौनपुर। जनपद के नौ विधानसभा सीटों पर चुनाव कराने को लेकर तैयारी प्रशासनिक स्तर से तेज कर दी गई है। चुनाव के लिए किसी भी समय अधिसूचना जारी की जा सकती है। इसे देखते हुए निर्वाचन महकमा तैयारी में जुटा हुआ है। इस बार चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए दिव्यांग और 80 साल की उम्र पार कर चुके मतदाताओं पोस्टल बैलेट से मतदान करने का मौका देने का निर्णय लिया गया है। साथ ही उस दौरान कोरोना से संक्रमित या होम आइसोलेशन में रहने वालों को भी इस व्यवस्था का लाभ दिया जाएगा। हालांकि आंकड़ों मुताबिक, इस समय 68 हजार के करीब ऐसे मतदाता हैं, जिन्हें घर बैठे मतदान करने का मौका दिए जाना है।
सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में इस बार 67 हजार मतदाता बढ़े है। यानि इस बार विधानसभा चुनाव मे 34 लाख 80 हजार 744 वोटर मतदान में हिस्सा ले सकते हैं। इनमें 18 लाख 10 हजार 105 पुरुष और 16 लाख 70 हजार 525 महिला तथा 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। उधर, मतदाता सूची के मुताबिक इस बार 43 हजार 333 ऐसे मतदाता हैं, जिनकी उम्र 18 वर्ष है। इसके अलावा 22 हजार दिव्यांग मतदाता हैं, जबकि 80 साल की उम्र सीमा पार करने वाले मतदाताओं की संख्या 46 हजार के आसपास है। दिव्यांग और 80 साल की उम्र सीमा पार कर चुके मतदाताओं को घर बैठे मतदान करने का मौका दिया जाएगा, लेकिन इसके लिए उन्हें पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन करवाना होगा। जिसका सत्यापन कराने के बाद उन्हें यह लाभ दिया जाएगा।
एक लाख बोगस मतदाताओं के नाम सूची से कटे
जौनपुर। मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 1 लाख 31 हजार 492 बोगस मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इनमें ऐसे मतदाता शामिल थे, जिनकी मृत्यु हो गई है, नाम एक से अधिक बार है। उस नाम का संबंधित बूथ पर कोई मतदाता नहीं है। आंकड़ों के मुताबिक बदलापुर में पांच हजार 957 बोगस मतदाताओं के नाम सूची से बाहर किए गए। इसी तरह, सदर से सात हजार 252, मल्हनी से 9 हजार 10, मुंगराबादशाहपुर से तीन हजार 851, मछलीशहर से 3 हजार 851, मडि़याहूं में दो हजार 607, जफराबाद में सात हजार 290, केराकत में सात हजार 596 और केराकत विधानसभा क्षेत्र से सात हजार 586 बोगस मतदाताओं का नाम सूची से बाहर किया गया है।
केराकत में हैं सर्वाधिक थर्ड जेंडर मतदाता
जौनपुर। सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 144 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इनमें सबसे ज्यादा केराकत में 24 थर्ड जेंडर मतदाता है। इसके बाज शाहगंज में 23, सदर में 18, मुंगराबादशाहपुर में 16, सदर, जफराबाद और मडि़याहूं में 15-15, मछलीशहर में 14 और मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 4 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।