जौनपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों के नेताओं और उम्मीदवारों को रैली व जनसभा करने के लिए चुनाव आयोग के सुविधा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 48 घंटे पहले आवेदन के साथ आयोजन से संबंधित ब्योरा देना होगा। इसके बाद ही संबंधित विधान सभा के सहायक रिटर्निगिं आफिसर आयोजन की अनुमति देंगे। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन का दौर शुरू होने से राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। वहीं, सकुशल चुनाव कराने के लिए प्रशासनिक अमला जोरशोर से लगा हुआ है। चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप पुख्ता तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही आदर्श आचार संहिता का पालन कराने को सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में रैली व जनसभा की अनुमति के लिए सुविधा पोर्टल बनाया है। इस पर आयोजकों को 48 घंटे पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा। साथ ही कार्यक्रम का पूरा विवरण देना होगा। इसके बाद ही उनको कार्यक्रम करने की अनुमति मिल पाएगी।
चुनाव आयोग ने सुविधा पोर्टल लांच किया है, जिस पर राजनीतिक दलों के नेताओं और उम्मीदवारों को रैली व जनसभा करने से 48 घंटे पहले आवेदन करना होगा। इसके बाद संबंधित विधानसभा के एआरओ द्वारा अनुमति प्रदान की जाएगी। - आरपी मिश्र, उप जिला निर्वाचन अधिकारी