पंचायत चुनाव का तीसरा चरण शनिवार को 57.73 फीसदी मतदान के साथ्ा शांति से निपट गया। कुछ मतदान केंद्रों पर छिटपुट झड़पें, मारपीट और हंगामों को छोड़ दिया जाए तो पांचों ब्लाकों में वोटिंग पूरी तरह से शांति के बीच संपन्न हो
गई। पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा एकदम चौकस रही। कई जगह मतदान केंद्रों पर जमा उपद्रवियों को पुलिस ने दौड़ा लिया। डीएम, एसपी ने दर्जन भर वाहनों को सीज कर इस बार सख्ती दिखाई।
ऑब्जर्वर ने भी कई बूथों का जायजा लिया। बदलापुर, महराजगंज, सुजानगंज, मुंगराबादशाहपुर और मछलीशहर में सुबह नौ बजे तक मतदान की गति धीमी रही। 9.23 प्रतिशत सुबह नौ बजे तक मतदान हुआ।
मछलीशहर के जमालपुर बूथ पर फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान मारपीट और पथराव भी हुआ। कई लोगों को हलकी चोटें आईं।
रामपुर कला में भी झड़प हुई। जिला पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर 40 से चुनाव लड़ रहे छोटेेलाल पटेल को कुंवरपुर बूथ से डीएम ने हिरासत में ले लिया और उनके वाहन को जब्त करा दिया। आरोप है कि उनके वाहन में कई लोग बैठे थे।
महराजगंज के डेल्हूपुर केवटली बूथ पर बीडीओ रामजुगुन भारती पहुंचे तो वहां दो लोग एक साथ खड़े होकर मतदान कर रहे थे। इसी तरह गद्दोपुर में चारपाई की आड़ में मतदान कराया जा रहा था।
जोनल मजिस्ट्रेट की फटकार के बाद यहां चादर से बूथ को ढका गया। मीरगंज के भटहर गांव बूथ संख्या 209 के मतदान कर्मियों ने पारिश्रमिक न मिलने पर पेटी ले जाने से मना कर दिया।
इसकी जानकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट को हुई तो समझा बुझाकर शांत कराया। महाराजगंज इलाके में एक सीओ ने कई वाहनों को सूजा से पंचर करवा दिया। मुख्य मार्ग पर चलने वाले वाहन भी पंचर किए गए।
कई गाडिय़ों की चाभी भी छीन ली गई। जबकि कुछ लोग अपने परिवार को लेकर मतदान के लिए जा रहे थे। मीरगंज के वार्ड संख्या 41 सेमरहों और अदारी बूथ पर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट हुई।
इसके अलावा कई स्थानों पर बोगस वोटिंग को लेकर प्रत्याशी और एजेंटों के बीच झड़प हुई जहां पुलिस टीम ने पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण में किया।
मीरगंज के भटहर बूथ पर बार बार पुलिस कंट्रोल रूम को फर्जी सूचना देने पर राम ओंकार नामक व्यक्ति को पुलिस ने बैठा लिया और मतदान सम्पन्न होने के बाद छोड़ा।