जौनपुर। देश से आतंकवाद का सफाया करना है तो उनके अड्डों को ध्वस्त करना जरूरी है। इस काम में आम आदमी पार्टी पूरी तरह सरकार के साथ है। कुछ भी हो जाए हमें आतंकवादियों से निपटना है। यह बात आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को सिपाह स्थित एक होटल में पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले को लेकर पूरे देश में गम का माहौल है। जनता आक्रोश है। आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई पर आप सरकार के साथ है। आतंकवाद के खात्मे के लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर या सीमा के नजदीक आतंकवादियों के जितने भी कैंप व ठिकाने हैं। उनको नेस्तनाबूद कर देना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान जैसे देश को आतंकवाद प्रायोजित करने वाला देश घोषित करवाने का प्रयास करना चाहिए। हमले को सुरक्षा में बड़ी चूक बताते हुए कहा कि जब 8 फरवरी को यह सूचना दे दी गई थी की बर्फबारी व भूस्खलन के कारण आरपीएफ के 2500 जवान कश्मीर नहीं जा पा रहे हैं और उन्हें भेजने के लिए हवाई जहाज की जरूरत है। मगर हवाई जहाज नहीं उपलब्ध कराए गए। यह स्थिति तब है जबकि चुनावी भाषण करने के लिए नेताओं को और मंत्रियों को हवाई जहाज तुरंत उपलब्ध करा दिया जाता है। उन्होंने सरकार से हर शहीद के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और सबकी शिक्षा व चिकित्सा की व्यवस्था करने की मांग की। पूर्वांचल अध्यक्ष संजीव सिह , मीडिया प्रभारी सूर्य नारायण सिंह मुन्ना, जिलाध्यक्ष डा. अनुराग मिश्रा, सोमकुमार वर्मा, मोहम्मद हैदर खान, रंजित यादव, डा. अमीत , कामता प्रसाद सिहं , राकेश चतुर्वेदी, मयकं साहू, अनुराग मणी त्रिपाठी, बबलू गुप्ता मौजूद रहे।