फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएम ने की पहल तो कूड़ा उठाने बढ़े सैकड़ों हाथ

विज्ञापन
विज्ञापन
जौनपुर। गोमती नदी गंदगी से कराह रही है। अमर उजाला ने नदी की गंदगी, अतिक्रमण का मामला प्रमुखता से उठाया तो जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए गोमती नदी के शाही पुल से शास्त्री पुल तक सुंदरीकरण कराने और सफाई कराने की पहल शुरू की है। सोमवार को जब जिलाधिकारी ने इसकी शुरुआत खुद कूड़ा उठाकर किया तो सैकड़ों हाथ सफाई अभियान के लिए आगे बढ़े। तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद शाही पुल से लेकर सद्भावना पुल के दोनों तरफ सफाई झलकने लगी। तकरीबन 50 टन कूड़ा, कचरा लोगों ने एकत्र किया, जिसे नगरपालिका ने 20 ट्रालियों से भरकर कूड़ा निस्तारण केंद्र कुल्हनामऊ भेजा।
विज्ञापन

जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने सफाई कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं एवं छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि गोमती नदी के घाटों की सफाई की शुरुआत नगरपालिका, समाजसेवी संस्था एवं एनसीसी कैडेटों द्वारा शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई के बाद इसकी देखरेख भी की जाएगी। शहर के बीचोबीच गोमती नदी है, जिसकी सुंदरता बरकरार रखने के लिए इसमें पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, जो देखने में भी अच्छा लगेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जो नाले गोमती नदी में गिर रहे हैं, उसे भी डायवर्ट करने का प्लान तैयार कर लिया गया है। सीवर लाइन बिछाने की मंजूरी शासन से मिल गई है। सीवर लाइन बिछाए जाने के बाद नालों का पानी नदी में नहीं गिरने पाएगा। सफाई अभियान के पहले दिन नगरपालिका जौनपुर के 250, नगर पंचायत मड़ियाहूं के 30, नगर पंचायत जफराबाद के 30 सफाई कर्मचारी सुबह आठ बजे सफाई अभियान में जुट गए। जिलाधिकारी ने गोपी घाट, प्रतिमा विसर्जन घाट, हनुमान घाट, केरार कोट घाट, कच्चा घाट, जोगियापुर का पैदल सीआरओ रामआसरे सिंह, ईओ कृष्णचंद्र आदि के साथ सफाई का जायजा लिया और जगह-जगह खुद भी प्लास्टिक, फूलमाला आदि उठाकर सफाई के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह एक शुरुआत है। इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।


एनसीसी, एनएसएस छात्रों ने बनाई मानव शृंखला
जौनपुर। गोमती के घाटों को स्वच्छ करने के लिए लोगों में जागरूकता लाए जाने के लिए सर्वोदय इंटर कालेज खुदौली, मेहरावां इंटर कालेज, बीआरपी इंटर कालेज, टीडी इंटर कालेज के एनसीसी और राज कालेज के एनएसएस के छात्रों ने मानव शृंखला शाही पुल के नीचे से लेकर सद्भावना पुल तक बनाकर स्वच्छता अभियान को जीवत रखने के लिए एक पहल की। छात्रों को संबोधित करते हुए डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि जितनी संख्या में छात्र सफाई के लिए आए हैं। उससे यह लगता है कि स्वच्छता के प्रति उन्हें जागरूक किया गया है और वह नदी को स्वच्छ बनाने के लिए यहां से संकल्प लेकर जाएंगे।
विज्ञापन



विसर्जन घाट पर मिला पक्का घाट
जौनपुर। विसर्जन घाट पर नव दुर्गा शिव मंदिर के सामने पक्का घाट बना तो है लेकिन उस पर मिट्टी और बालू जमा होने से दिखाई नहीं दे रहा था। सोमवार को सफाई अभियान के दौरान स्वच्छ गोमती अभियान के अध्यक्ष गौतम गुप्ता ने डीएम को बताया कि पक्का घाट होने के बाद भी इस पर मिट्टी जमा हो गई है। जिलाधिकारी ने जेसीबी से मिट्टी हटाकर घाट की स्थिति देखी और नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को पक्के घाट से मिट्टी हटवाने का निर्देश दिया। अब शहर के लोगों को एक और पक्का घाट मुहैया हो जाएगा।
विज्ञापन


नदी के घाटों पर यह होगा इंतजाम
शाही पुल से सद्भावना पुल के बीच एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
हनुमान घाट से सद्भावना पुल के बीच रखे गए कूड़ेदान को हटाकर कहीं और भेजा जाएगा।
शाही पुल शेर के बगल स्थित गोपी घाट मार्ग से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
शाही पुल से शास्त्री पुल के बीच लाइटिंग दोनों घाटों पर कराई जाएगी ताकि लोग खुले में शौच न कर सकें।
नदी के सभी घाटों पर कूड़ेदान रखवाया जाएगा।
प्रतिमा विसर्जन घाट पर मिट्टी हटाकर पक्के घाट के स्वरूप को बरकरार किया जाएगा।
नदी में गंदगी रोकने के लिए जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगेगा और गंदगी पर जुर्माना भी वसूला जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें