जौनपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोविड-19 संक्रमितों को चिह्नित करने के लिए घर-घर चलाए गए सर्वे अभियान में 5095 लोग कोविड के लक्षणयुक्त मिले। स्वास्थ्य विभाग की ओर 5143 लोगों को कोविड दवा का किट वितरित किया गया। 25 जनवरी से 29 जनवरी तक चलाए गए पांच दिवसीय अभियान में कुल 1241 स्वास्थ्य टीमों को लगाया गया था। इन टीमों ने पांच दिनों में कुल 639504 घरों में दस्तक देकर लक्षण युक्त लोगों का डिटेल जुटाया। इसके साथ ही दो साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, 60 साल से ऊपर के लोगों की भी सूची तैयार की।
जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डा. जियाउल हक ने बताया कि सर्वे टीम की ओर से चलाए गए अभियान में शून्य से दो वर्ष के 17633 बच्चे मिले जिन्हें कोविड का टीका नहीं लगाया गया है। स्वास्थ्य टीम ने पाया कि 16941 गर्भवती महिलाएं हैं, जिन्हें कोविड का टीका नहीं लग पाया है। 5095 लोग ऐसे मिले जिनमे कोविड-19 के लक्षण् पाए गए। इसमें से 2134 लोग ऐसे थे, जिन्हें बुखार की शिकायत थी, जबकि 3011 लोग ऐसे थे जो सर्दी जुकाम से पीडि़त थे।