मल्हनी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव के एक युवक की हत्या के आरोपी पर एसपी के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके बाद पुलिस ने लाउडस्पीकर से वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गांव-गांव प्रचार-प्रसार कराया। कहा कि आरोपी को पकड़ाने वाले को इनाम दिया जाएगा। थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि अतरौरा गांव निवासी आकाश (24) की 24 नवंबर को हत्या कर दी गई थी। आरोपी इरफान निवासी ग्राम नसरूद्दीनपुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में सरायख्वाजा थाने में मामला दर्ज है। हत्या के आरोपी इरफान की गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। शुक्रवार को नसरूद्दीनपुर में लाउड स्पीकर से घोषणा कराई गई कि इरफान की सूचना देने वाले को इनाम राशि दी जाएगी।
आशुतोष हत्याकांड में शामिल एक आरोपी पर दस हजार का इनाम घोषित
शाहगंज। बहुचर्चित आशुतोष हत्याकांड में शामिल एक आरोपी सिकंदर आलम पर शुक्रवार को एसपी के आदेश पर शाहगंज पुलिस ने दस हजार का इनाम घोषित किया है। हत्याकांड में चार आरोपी जेल में हैं जबकि एक मुठभेड़ में मारा गया। दो आरोपी आज तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस ने डुगडुगी पिटवाकर लाउडस्पीकर से फरार आरोपी पर इनाम घोषित की सूचना दी।बीते एक वर्ष पूर्व 13 मई को सबरहद गांव निवासी भाजपा आरटीआई एक्टिविस्ट आशुतोष श्रीवास्तव की दिनदहाडे़ अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने इमरान गंज बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी थी। बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव की तहरीर पर पहले चार नामजद व अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। विवेचना के दौरान तीन नामजद आरोपी और सामने आए। इसमें जमीरुद्दीन कुरैशी को मुंबई से पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कामरान उर्फ अर्फी को क्राइम ब्रांच पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मोहम्मद हासिम एक मामले में पहले से जेल में बंद रहा। घटना को अंजाम देने वाला बदमाश प्रशांत उर्फ प्रिंस सिंह खेतासराय के पास पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। साथी नितीश राय को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वही मुकदमे का नामजद एक आरोपी नासिर जमाल आज भी पुलिस की पकड़ से दूर है। दूसरे फरार आरोपी खेतासराय थाना क्षेत्र के पाराकमाल गांव निवासी सिकंदर आलम पर पुरस्कार घोषित कर शुक्रवार की सुबह खेतासराय पुलिस ने गांव में लाउडस्पीकर लगाकर डुगडुगी पिटवाई और एलान किया की सिकंदर आलम का पता बताने वाले का नाम गुप्त रखकर उसे इनाम दिया जाएगा। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि एक आरोपी पर आशुतोष हत्याकांड समेत सरकारी जमीन कब्जा करने का आरोप है। गिरफ्तारी नहीं होने पर एसपी के आदेश पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
हत्या के दो आरोपियों पर 25 हजार का इनाम
तेजीबाजार। थाना क्षेत्र के चोरहा गांव में पुलिस ने शुक्रवार को हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव-गांव प्रचार करवाया। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया बीते 24 नवंबर को चाची की हत्या के आरोपी बृजभान निषाद और शैलेष निषाद निवासी चोरहा थाना तेजीबाजार पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने इनकी धरपकड़ के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपियों की सूचना देने वाले को पुलिस इनाम देगी।