फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: शीतला चौकिया धाम में अष्टमी पर 50 हजार भक्तों ने टेका मत्था

विज्ञापन
अष्ठमी तिथि में मां शीतला के दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार। संवाद
विज्ञापन
धर्मापुर (जौनपुर)। पूर्वांचल की आस्था के प्रमुख केंद्र मां शीतला चौकिया धाम में बुधवार को चैत्र माह की अष्टमी तिथि पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। देर शाम तक करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। अष्टमी के अवसर पर सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही पुजारी मुक्तेश्वर पंडा ने माता रानी का भव्य शृंगार कर आरती संपन्न की। इसके बाद दर्शन-पूजन का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह देर शाम तक जारी रहा। जनपद समेत दूरदराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने माता को हलवा-पूरी, गुलगुला, रोट और माला-फूल अर्पित किए। साथ ही पवित्र कुंड के समीप हल्दी लेपन की रस्म निभाई गई। मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि चैत्र अष्टमी का विशेष महत्व है। शीतला माता को चेचक, ज्वर और अन्य मौसमी बीमारियों से मुक्ति दिलाने वाली देवी माना जाता है। मान्यता है कि आज के दिन विशेष पूजन से परिवार आरोग्य रहता है। बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने नौनिहाल बच्चों का मुंडन संस्कार कराने के बाद मां के दर्शन किए। मुख्य मंदिर के साथ-साथ भक्तों ने काल भैरव और मां काली के चरणों में भी शीश नवाया। भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। चौकी इंचार्ज राम प्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मुख्य द्वार और मंदिर परिसर में तैनात रही, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें