केराकत। नगर पंचायत के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। 30 लोगों से पूछताछ की जा रही है। नायब तहसीलदार पेसारा विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में नगर पंचायत की ओर से सरायबीरू चौराहे से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था।
बुलडोजर और पुलिस बल बाजार में पहुंचा, कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से भाग गए। जबकि अन्य ने जल्दबाजी में सड़क किनारे रखा सामान हटाना शुरू कर दिया। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे ठेले, फुटपाथ पर संचालित अवैध दुकानें और अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों और प्रशासनिक टीम के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गई। पथराव में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के सिर में चोट लग गई।
बुलडोजर का शीशा टूट गया। चालक के साथ मारपीट का प्रयास भी किया गया। घटना के बाद नगर पंचायत प्रशासन की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। 30 लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।