जौनपुर। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष में 49 तालाब खोदने का लक्ष्य मिला है। एक तालाब पर एक लाख पांच हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सरकार किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान देंगी। इन तालाबों से जहां खेतों में नमी बनी रहेगी, वहीं किसान मछली पालन कर आय बढ़ा सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किसानों को लाभ दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत खेत तालाब योजना से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके तहत जो किसान अपने खेतों के आसपास तालाब बनाएंगे, उन्हें राज्य सरकार की ओर से 50 फीसदी सब्सिडी प्रदान की जाएगी। सरकार ने इस योजना की शुरुआत गिरते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए की है। इस वित्तीय वर्ष में कुल 49 तालाबों की खोदाई का लक्ष्य मिला है। प्रति तालाब एक लाख पांच हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे फसलों को पानी उपलब्ध होने साथ मछली पालन कर मुनाफा कमा सकते हैं। तालाब का वही लाभ ले सकते हैं, जो उद्यान विभाग से स्प्रिंकलर का लाभ ले चुके हैं। 22 मीटर लंबा, 20 मीटर चौड़ा और तीन मीटर गहरा तालाब बनाया जाना है। किसानों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर लाभ दिया जाएगा। इसमें सरकार की तरफ से किसानों को दो किस्तों में अनुदान दिया जाएगा। पहली किस्त तालाब की खोदाई पूरी होने पर और दूसरी किस्त तालाब का मा पूरी तरह से पूरा होने पर दिया जाएगा।
इस वित्तीय वर्ष में जनपद में 49 तालाब खोदने का लक्ष्य मिला है। प्रति तालाब में एक लाख पांच हजार रुपये खर्च होंगे। इसमें लाभार्थी को 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। इसके लिए किसानों को विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। -शशिकेश सिंह, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी