काशीराज इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें कुल 427 युवाओं को नौकरी मिली। मेले में 25 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। 950 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।
मेले का शुभारंभ औराई के भाजपा विधायक दीनानाथ भाष्कर ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
इसके लिए रोजगार मेलों का आयोजन एक सराहनीय पहल है, जिसके माध्यम से युवाओं और प्रतिष्ठित कंपनियों को एक मंच पर आने का अवसर मिलता है। युवाओं को चाहिए कि वे इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने कौशल एवं प्रतिभा का बेहतर उपयोग करें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेला केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने, विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की आवश्यकताओं को समझने तथा अपने करियर को नई दिशा देने का भी अवसर प्रदान करता है। जिला सेवायोजन अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि सेवायोजन विभाग युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
इस मौके पर प्रधानाचार्य नीतम कुशवाहा, प्रेम बहादुर सिंह, लायक हुसैन, लव कुमार मिश्र, अनिल कुमार, वीरेंद्र कुमार, शैलेंद्र कुमार, रजनीश सिंह, योगेंद्र कुमार माैजूद रहे। संवाद