बरईपार। स्थानीय बाजार के कांहापुर, कपूरपुर ,वारी और धर्मुपुर गांव में स्थित वोडाफोन टावर की बिजली का कनेक्शन रविवार की देर शाम को बिल बकाया होने के कारण काट दी गई। बिजली नहीं रहने से क्षेत्र में मोबाइल सेवा चरमरा गई है।
मछलीशहर पावर हाउस से कांहापुर, कपूरपुर ,वारी और धर्मुपुर गांव में स्थित वोडाफोन टावर को बिजली सप्लाई होती है। लेकिन इन टावरों को विगत 5 महीनों से बिजली का बिल बकाया चल रहा है। बिल जमा करने की सूचना कई बार बिजली विभाग द्वारा दी गई। लेकिन वोडाफोन के अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। अंतत: रविवार की देर शाम को लाइनमैनों के साथ जेई ने उक्त 4 टावरों का बिजली कनेक्शन काट दिया। इस संबंध में जेई मछलीशहर विकास यादव का कहना है कि बार-बार कहने के बाद भी बिजली का बिल नहीं जमा हो रहा था। जिससे चार टावरों की बिजली काट दी गई है। इन टावरों के ऊपर बिजली विभाग का लाखों रुपए बकाया चल रहा है। अब बिल जमा होने के बाद भी बिजली आपूर्ति की जाएगी।
सोमवार को विद्युत अधिकारियों ने बिजली के सबसे बड़े 16 बकायेदारों का बिजली कनेक्शन काट दिया। विद्युत खंड अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि इसमें बड़े टावर और आईटीआई के बकायेदार भी हैं। अभियान चलाकर कनेक्शन काटा गया।