गौराबादशाहपुर/मछलीशहर। जिले में अलग अलग हुए सड़क हादसों में बैंक शाखा प्रबंधक समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मनिहांगोविंदपुर गांव के पास मंगलवार को सुबह दो बाइक की सीधी टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। भदेवरा गांव निवासी चन्दा उपाध्याय (58) पत्नी जगदीश उपाध्याय अपने पुत्र सोनू 36 के साथ बाइक से जौनपुर की तरफ जा रही थी। मनिहांगोविंदपुर गांव के पास सामने से आ रहे बाइक से टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबन्धक राकेश कुमार सिंह (53) समेत तीनों घायल हो गए। सभी का इलाज निजी चिकित्सालय में कराया गया। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के ताजुद्दीनपुर गाँव निवासी सोनेलाल (22 ) पुत्र रामराज पटेल मंगलवार को सुबह कोचिंग से घर लौट रहा था। मछलीशहर कस्बे में सैयद बाबा मजार के निकट पहुंचा था कि पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डाक्टर ने गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के खरैयामऊ गांव निवासी चन्द्रशेखर (28) अपनी मां शकुंतला देवी (46) तथा गांव के ही प्रमोद कुमार( 43) के साथ मीरगंज स्थित अपने श्तिेदार के यहां बाइक से जा रहे थे। नेवादा गांव के निकट पहुंचे थे कि आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक ट्रैक्टर के रोटावेटर से टकरा गई। जिससे अनियंत्रित होकर बाइक समेत तीनों गिर गए। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।