जौनपुर। वित्तविहिन शिक्षकों ने मंगलवार को राधिका बाल विद्या मंदिर के सभागार में बैठक कर यात्रा को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई। 24 दिसंबर को यात्रा में आ रहे शिक्षकों की सुरक्षा हेतु जिलाधिकारी ने नाम लिखा ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रांतीय प्रधान महासचिव अखिलेश सिंह ने शिक्षक, प्रधानाचार्य व प्रबंधक महासभा के जिलाध्यक्षों के साथ तहसील के पदाधिकारियों से तैयारी का जायजा लिया। जिलाध्यक्ष राजेश मिश्र ने बताया कि 23 दिसंबर को यात्रा रायबरेली से चलेगी। 24 को जिले के मुंगराबादशाहपुर बार्डर पर सुबह नौ बजे पहुंचेगी। वहां से सतहरिया, मछलीशहर, सिकरारा होते हुए टीडी इंटर कालेज के मार्कण्डेय सिंह हाल में सभा के रूप में परिवर्तन हो जाएगी। वहां सभा करने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश सिंह ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के मान, सम्मान के लिए शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी व संजय मिश्रा महीनों से घर बार छोड़कर पूरे प्रदेश में निंदा यात्रा लेकर निकले हैं। उन्होंने कहा कि जिले में आ रही निंदा यात्रा ऐतिहासिक होगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रकाशचंद पाल, श्यामधर मिश्र, चन्दन जायसवाल, विनोद कुमार राय, संजय कुमार गुप्त, राजेश यादव, प्रमोद मौर्य, अजय तिवारी, अंकुर शुक्ला आदि रहे। संचालन जिला महामंत्री शरद सिंह ने किया।