संवाददाता
जलालपुर। स्थानीय बाजार में स्थित जनरल स्टोर की दूकान का ताला खोलकर रविवार की रात उसमें रखे 4.50 लाख रुपये चोरों ने पार कर दिया। सुबह चोरी की सूचना पर डाग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा लेकिन कुछ सफलता नहीं मिली। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
जलालपुर थाना क्षेत्र के महिमापुर निवासी संजय गुप्ता की जलालपुर बाईपास के समीप जनरल स्टोर की थोक दूकान है। दूकान के पीछे ही उनका आवास है। रविवार की रात रोज की तरह दूकान बंद कर संजय अपने घर में सो गया। सुबह उठा तो बाहर से दरवाजा बंद था। उसने छत पर जाकर पड़ोसी को आवाज लगाई तो उसने दरवाजा खोला। बाहर निकल कर उसने देखा तो बगल में स्थित दूकान का ताला खुला था। दूकान के अंदर रखा 4.50 लाख रुपये गायब थे। रुपये के अलावा दूकान में रखे सारे सामान सुरक्षित थे। उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन की।
सूचना पर डाग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा। डाग स्क्वायड दूकान से निकल कर परिवार के सदस्यों के पास ही जाकर रु क गया। इससे पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। दूकान के मालिक संजय गुप्ता ने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पहले उनके गोदाम में माल उतारा गया था।
उस दिन गोदाम का ताला बंद कर चाभी दूसरी दूकान में रख दी गई थी। अगले दिन पता चला कि गोदाम की चाभी गायब थी। सोमवार को दूकान का ताला खुला था और गोदाम की चाभी उसी स्थान पर रख दी गई थी। जबकि इस बार दूकान की चाभी गायब हो गई। बहरहाल पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है।