मीरगंज के मीरपुर उमरी गांव में कोरोना सैम्पल लेते चिकत्सिक।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। अपर जिला जज (एडीजे) समेत मंगलवार को कोरोना के 35 नए मरीज मिले। वहीं पहले से भर्ती 34 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 5094 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 699 हैं। अब तक 65 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। एडीजे के कोरोना संक्रमित होने के बाद मंगलवार को न्यायालय बंद रहे। पूरे परिसर को सैनिटाइज कराया गया है।
अपर जिला जज को पिछले कई दिनों से सर्दी-खांसी, बुखार की शिकायत थी। जांच में उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसकी जानकारी होते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। न्यायिक कर्मचारी, अधिवक्ता और वादकारी सहम गए हैं। जिला जज मदन पाल सिंह ने संपर्क में आए सभी लोगों को अपनी तत्काल कोरोना जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने त्वरित मामलों की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग से करने को कहा। उधर, मछलीशहर सीएचसी की टीम ने मीरपुर उमरी ग्राम में कैंप लगाया। इसमें कुल 53 लोगों की जांच रैपिड एंटीजन किट से की। पड़ोसी गांव सरायदेवा का एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। मेडिकल टीम ने लोगों को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग रखने के निर्देश दिए। टीम में डॉ बीएल यादव, भोलानाथ गुप्ता, रवींद्र प्रताप सिंह आदि रहे। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को 1162 सैंपल के रिजल्ट आए, जिसमें 35 पॉजिटिव हैं। कुल 2032 नए सैंपल किए गए। अब तक 155241 सैंपल किए जा चुके हैं, जिसमें 153571का रिजल्ट आ गया है।