जौनपुर। उत्तर पुस्तिकाओं को जांचे बगैर मनमाने तरीके से नंबर चढ़ा दिया जा रहा है। आगरा से गणित की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होने से पहले ही एवार्ड ब्लैंक में नंबर चढ़ाकर भेजा गया था। इसका खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार को गणित की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हुआ। मूल्यांकन केंद्र के प्रभारी ने एवार्ड ब्लैंक को नष्ट करवा दिया। शहर के सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परमानतपुर केंद्र पर हाईस्कूल के गणित विषय की उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन चल रहा है। शुक्रवार को कापियों का बंडल खोला गया और मूल्यांकन के लिए परीक्षकों को वितरित कर दिया गया। शाम को मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद जब एवार्ड ब्लैंक भरने के लिए दिया गया तो पता चला कि उस पर पहले से ही आठ छात्रों का नंबर लिखा गया था। गणित के 70 नंबर के पेपर में आठ छात्रों को 47 से 50 नंबर के चढ़ा दिया गया था। यह उत्तर पुस्तिकाएं श्री नरसिंह भगवान इंटर कालेज एनएच टू लोह करेरा आगरा की बताई जा रही है। मूल्यांकन केंद्र के प्रभारी और विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश चंद पांडेय ने बताया कि इसकी सूचना डीआईओएस को दे दी गई है।