जौनपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर नए वोटरों में उत्साह है। परिचर्चा के दौरान गुरूवार को युवाओं ने रोजगार न मिलने की पीड़ा जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीति से मतलब नहीं, रोजगार से मतलब है। जो सरकार उन्हें रोजगार दे ऐसी सरकार को वह चुनेंगे। गूलर घाट निवासी नारायण अग्रहरी का कहना है कि चुनाव आते ही नेताओं को विकास की बात याद आने लगती है। चुनाव परिणाम जैसे ही सामने आता है। नेता लौटकर नहीं देखते। युवाओं को फार्म भरवाया जाता है लेकिन उनकी भर्ती नहीं होती। ओलंदगंज के अमित पांडेय का कहना है कि राजनीति के चक्कर में युवा पिस रहे हैं। कोई सरकार युवाओं के लिए नई योजना शुरू नहीं करती। कन्हईपुर के विभव ओझा का कहना है कि चुनाव आते ही लुभावन बातें होने लगती है। रोजगार के अवसर पर बढ़ाया जाना चाहिए और तकनीकी शिक्षा के लिए केंद्र खोलना चाहिए। कन्हईपुर निवासी विक्रांत प्रताप सिंह ने कहा कि युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही है। सरकार वोट के हिसाब से चुनाव में वादा करती है। जबकि युवा ही अधिक मतदान करते हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार उन्हें मतदान का मौका मिला है। वह सोच समझकर ही वोट देंगे।