जौनपुर। यूडायस पोर्टल पर छात्रों की प्रोफाइल अपलोड करने में जिले के 314 स्कूलों की प्रगति ठीक नहीं है। निर्देश के बाद भी यह विद्यालय छात्रों का डिटेल अपलोड नहीं करे रहे हैं। इसे लेकर बीएसए ने एक हफ्ते के अंदर सभी विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। ऐसा न करने पर कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने यूडायस समेत अन्य गतिविधियों को भी ठीक करने को कहा है।
जिले में कक्षा एक से 12 तक के कुल 6038 विद्यालयों का संचालन हो रहा है। शासन ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया था कि 31 जनवरी तक छात्रों की प्रोफाइल यूडायस पर अपलोड करा दिया जाए। पिछले वर्ष कुल 1003810 छात्र पंजीकृत थे। वर्तमान सत्र में 732351 छात्रों का डाटा कर लिया गया है। 271459 छात्रों की प्रोफाइल अभी तक पोर्टल पर अपलोड नहीं की जा सकी है। बीएसए का कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर स्कूल छात्रों का डाटा अपलोड नहीं करते हैं तो उनके मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। इस बाबत शुक्रवार को उन्होंने बैठक कर सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला समन्वयकों को परिषदीय विद्यालयों में निपुण भारत मिशन, बालिका शिक्षा, एमडीएम एवं यू-डायस समेत अन्य विभागीय गतिविधियों को पूरा कराने का निर्देश दिया। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को एफएलएन प्रशिक्षण को गुणवत्ता पूर्ण किये जाने, ब्लॉक टास्क फोर्स निरीक्षण को शत-प्रतिशत पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।
290 निजी विद्यालयों ने भी नहीं अपडेट किया डिटेल
जिले के 290 निजी परिषदीय विद्यालयों ने अभी तक छात्रों की प्रोफाइल को अपडेट नहीं किया है। इसी प्रकार 12 माध्यमिक विद्यालय, 8 मदरसा और चार अन्य विद्यालयों ने छात्रों की प्रोफाइल को अपडेट नहीं किया है। तीन बार पत्र जारी करने के बाद भी स्कूल संचालक डाटा फीड करने में रूचि नहीं ले रहे हैं।
जिले के सभी विद्यालयों को यूडायस पोर्टल पर छात्रों का डाटा एक सप्ताह के अंदर फीड करने को कहा है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो मान्यता रद्द की जाएगी। - डाॅ. गोरखनाथ पटेल, बीएसए