मीरगंज में ग्रामीणों का कोरोना जांच के लिए सैम्पल लेने पंहुची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। खुटहन के गुलालपुर में मां-बेटी समेत बुधवार को जिले में कोरोना के 31 नए केस मिले हैं। पीड़ितों में निजी चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मचारी भी शामिल हैं। नए मरीजों के बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 4212 हो गई है। इसमें 759 केस एक्टिव हैं। अब तक 56 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है।
कोरोना के नए मरीजों की पहचान के लिए जिले के सभी ब्लाक स्तरीय सीएचसी-पीएचसी की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाकर जांच की। रोडवेज स्टैंड, कोतवाली चौराहा और जिला अस्पताल में भी जांच कैंप लगाए गए। सर्दी-खांसी, बुखार और सांस की तकलीफ से जूझ रहे लोगों की जांच की गई। मीरगंज के करोरा गांव में मछलीशहर सीएचसी की टीम ने कैंप लगाया। इसमें 85 लोगों का सैंपल लिया गया। टीम में डॉ. बीएल यादव, एलटी भोलानाथ गुप्ता, रवींद्र कुमार सिंह, विकास गुप्ता, कुसुम सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, खुटहन के गुलालपुर में जांच के दौरान मां (52) व बेटी (27) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जलालपुर के कुसिया निवासी एक चिकित्सक में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। डोभी मातृ-शिशु केंद्र में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव है। इनके अलावा शहर के राज कॉलोनी हुसेनाबाद, ईशापुर, शहाबुद्दीनपुर, न्यू कॉलोनी में भी नए मरीज मिले हैं। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार को 31 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए मरीजों को सुविधानुसार कोविड-19 एल-1 अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए हैं। घर में दो शौचालय व ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर की सुविधा रखने वाले मरीज होम आइसोलेट किए जाएंगे।