जौनपुर। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मुसहर जाति के लोगों को आवास बनाने का लक्ष्य भले ही अभी तक चालू वित्तीय वर्ष में नहीं आया है, लेकिन 2974 चिह्नित परिवारों की सूची शासन को भेज दी गई है। स्वीकृत मिलने के बाद इनको आवास बनवाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मुसहर जाति के सभी लोगों को छत उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन चालू वित्तीय वर्ष के छह माह बीत जाने के बाद अभी तक उक्त योजना के तहत आवास बनाने के लिए लक्ष्य नहीं आया है, जबकि उक्त योजना का लाभ पाने से जिले में 2974 मुसहर शेष बचे गए हैं। इनका चयन डीआरडीए ने कर लिया है। इनको वआवास का लाभ मिल सके, इसके लिए डीएम ने आवास आवंटन करने के लिए शासन को पत्र भेजा है। जिसमें आवास का आवंटन करने और उसे बनवाने की स्वीकृत मांगी गई है।
सबसे अधिक रामपुर में बेघर मुसहर
जौनपुर। सबसे अधिक रामपुर ब्लाक में सीएम आवास का लाभ पाने से मुसहर शेष बचे हैं। इसका अंदाजा ब्लाकवार आकड़े देखने से खुद ब खुद पता चल जाएगा। इस दौरान बदलापुर ब्लाक में 26, बक्शा में 64, बरसठी में 212, धर्मापुर में 77, डोभी में 232, जलालपुर में 17, करंजाकला में 125, केराकत मे 270, खुटहन में 44, मछलीशहर में 203, महराजगंज में 56, मड़ियाहूं में 133, मुफ्तीगंज में 217, मुगराबादशाहपुर में 248, रामनगर में 283, रामपुर में 499, शाहगंज में 44, सिकरारा में 68, सिरकोनी में 51, सुईथाकला में 33 व सुजानगंज में 72 मुसहर आवास का लाभ पाने से शेष बचे हैं।
- सीएम आवास योजना का लाभ पाने से 2974 मुसहर शेष बच गए थे। उन्हें आवास आवंटन के लिए डीएम की ओर से शासन को पत्र भेजा गया है। शासन से आवंटन होने के बाद इनको आवास का लाभ देना शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि चालू वित्तीय वर्ष में अभी तक उक्त योजना के तहत शासन से कोई लक्ष्य नहीं आया है। -अरविंद कुमार सिंह, परियोजना निदेशक, डीआरडीए