खेतासराय के मैनुद्दीनपुर पेट्रोल पम्प पर सुबह से डीज़ल पेट्रोल लेने वालों की लगी लम्बी कतार। स्र
- फोटो : रेलवे स्टेशन परिसर में जीआरपी थाना के पास लगा मलबा का ढेर।
जौनपुर। गैस सिलिंडर के बाद अब डीजल-पेट्रोल की कमी की अफवाह के चलते जिले के 274 पेट्रोल पंपों पर बृहस्पतिवार को सुबह ही लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हालात उस समय और खराब हो गए जब कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो गया है ‘पेट्रोल-डीजल नहीं है’ के स्टीकर चस्पा कर दिए गए। शाहगंज में पुलिस तक बुलानी पड़ी। बृहस्पतिवार को शाम तक 30 फीसदी से ज्यादा पेट्रोल पंप बंद हो गए। पेट्रोल पंपों की पड़ताल में पता चला कि बाइक के लिए अधिकतम 200 और चारपहिया वाहन के लिए अधिकतम 2000 रुपये का ही तेल लेने की लिमिट निर्धारित कर दी गई। शहर के ओलंदगंज, नईगंज समेत कई पेट्रोल पंपों पर शाम तक नोजल डाउन हो गए। जितना पेट्रोल-डीजल 24 घंटे में बेचा जाता था, उतना छह घंटे में ही बिक गया। शहर में नईगंज, वाजिदपुर से लेकर कचहरी तक तेल के लिए लोग कतार में लगे रहे। कुछ लोगों ने डब्बे में भी तेल भरवाए। वहीं, सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के सिद्धिकपुर, भकुरा मोड़, काफरपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर सुबह से ही आपूर्ति ठप रही। मुर्तुजाबाद स्थित भारत पेट्रोलियम के गंगा फिलिंग स्टेशन व इंडियन ऑयल के रामपुर पेट्रोल पंप पर भी सुबह पेट्रोल खत्म हो गया। शाहगंज में सुल्तानपुर रोड स्थित लक्ष्मी शंकर पेट्रोल पंप और पारस पेट्रोल पंप पर हालात ज्यादा खराब दिखे। कई लोगों ने वाहनों के अलावा डिब्बों में भी पेट्रोल भरवाने की कोशिश की, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख पेट्रोल पंप संचालकों को पुलिस बुलानी पड़ी। लक्ष्मी शंकर पेट्रोल पंप के डीलर शिवम यादव ने बताया कि उनके पंप पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। वहीं, आजमगढ़ मार्ग स्थित बद्री पेट्रोल पंप के डीलर अभिषेक मोदनवाल ने बताया कि उनके पंप की नोजल मशीन पुरानी होने के कारण कंपनी द्वारा बदली जा रही है। मशीन की सेटिंग पूरी होने के बाद ही ईंधन आपूर्ति शुरू की जाएगी। सबरहद पेट्रोल पंप के डीलर राजेश गौतम ने बताया कि पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है लेकिन बैंक बंद होने के कारण भुगतान समय पर नहीं हो सका। इससे आपूर्ति प्रभावित हुई है। बैंक खुलने के बाद भुगतान कर दिया जाएगा और फिर से आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। गौराबादशाहपुर में बिथार, कबीरुद्दीनपुर, धर्मापुर, सुरैला, मनिहागोविंदपुर, महरूपुर आदि गांवों में दस पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ रही। मनिहागोविंदपुर में स्थित पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को पेट्रोल तो मिला लेकिन डीजल समाप्त हो गया। मड़ियाहूं के पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल की किल्लत नहीं रही। गौरव पेट्रोलियम के प्रोपराइटर अजय सिंह ने बताया कि अभी तक डीजल पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। मछलीशहर में किशना पेट्रोल पंप करौरा, प्रसाद पेट्रोल पंप जमालपुर, रामबली फिलिंग स्टेशन बंधवा, अन्नपूर्णा फिलिंग स्टेशन मछलीशहर, पंधारी पेट्रोल पंप छाछो समेत दर्जन भर पेट्रोल पंप मालिकों का कहना है कि डिपो से तेल की आपूर्ति तत्काल नहीं हो रही है। पैसा जमा करने के बाद टोकन मिलता है फिर तीन या चार दिन बाद तेल की आपूर्ति हो रही है। जबकि अफवाह के कारण ग्राहक अब स्टॉक जमा कर रहे हैं।