संघईपुर गांव में घटना के दूसरे दिन भी तैनात रही पुलिस। संवाद
जौनपुर। जलालपुर थानाक्षेत्र के संघईपुर गांव में हुई आशीष उर्फ चिघड़ू की नृशंस हत्या के दौरान आरोपियों ने आठ बार चाकू घोंपा था। यह चाकू सिर से लेकर पीठ तक पांच स्थानों पर घोंपा गया। इससे उसके लीवर से लेकर पेट तक फट गए थे। बंदीपुर के पास शराब ठेके के पास तीन बजे बाइक से पहुंचे आशीष चौहान उर्फ चिखड़ू को देखकर सात की संख्या में लोगों ने दौड़ाया था। इनके हाथों में लाठी से लेकर चाकू तक थे। इनमें कोई पैदल तो कोई बाइक से दौड़ा रहा था। ललकारते हुए दौड़ा रहे लोगों को देख ग्रामीण मूकदर्शक बने हुए थे। गांव के गुल्लू मौर्य के घर के पीछे मड़हे में आशीष की ताबड़तोड़ पिटाई कर और चाकू से वार मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव की बांह और हाथ पकड़कर 200 मीटर घसीटते हुए सरेआम ले गए, जिसका लोगों ने वीडियो तो बना लिया लेकिन रोकने की हिम्मत नहीं हुई। इधर, दो डॉक्टरों के पैनल ने बृहस्पतिवार की दोपहर दो से ढाई बजे के बीच में पोस्टमार्टम किया। जहां आशीष के शरीर पर चाकू के आठ घाव पाए गए। सिर पर तीन, गर्दन व पीठ पर तीन और पेट और सीने पर एक-एक लगे थे। पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने वहां मौजूद लोगों को बताया कि हमले से आशीष के पेट से लेकर लीवर तक फट गए थे। शरीर में खून नहीं बचा था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार करा दिया गया।