जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव के दूसरे चरण के लिए गुरुवार को जिला पंचायत की 20 सीटों के लिए 288 दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया। जबकि चार ब्लाकों में बीडीसी के लिए कुल 1600 पर्चे दाखिल हुए।
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मडिय़ाहूं, बरसठी, रामनगर, रामपुर और सिकरारा ब्लाक को शामिल किया गया है। इन पांचों ब्लाक में जिला पंचायत सदस्य पद की 20 सीटें हैं। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजबहादुर यादव भी भारी संख्या में अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। उन्होंने सिकरारा के वार्ड संख्या 45 से नामांकन दाखिल किया है।
नामांकन के लिहाज से कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
जिला पंचायत सदस्य पद के के प्रत्याशी जिला मुख्यालय पर और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवारों ने ब्लाक मुख्यालय पर नामांकन दाखिल किया। मडिय़ाहूं में बीडीसी सदस्य पद के लिए सबसे अधिक 453 लोगों ने पर्चा दाखिल किया। बरसठी में 194 और रामनगर में 356 लोगों ने नामांकन दाखिल किया।
इसके अलावा रामपुर में 300 और सिकरारा के 91 वार्डों से कुल 297 लोगों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन को लेकर ब्लाक मुख्यालयों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।