जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी स शुरू होनी है। परीक्षा शुरू होने में महज 27 दिन शेष हैं लेकिन अब तक ड्यूटी के लिए कक्ष निरीक्षकों की सूची तैयार नहीं हो सकी है। परीक्षा के लिए कुल 218 केंद्र बनाए गए हैं।
बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह में होनी है। कक्ष निरीक्षकों की सूची अभी तैयार की जा रही है। अगले सप्ताह तक सूची तैयार हो जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की मानें तो कक्ष निरीक्षकों की संख्या का डिटेल तैयार हो गया है। शिक्षकों को जल्द ही सूचना भेजने का काम शुरू हो जाएगा। जिले में यूपी बोर्ड के 660 कॉलेज संचालित हैं। इनमें 33 जीआईसी, 150 वित्तपोषित और 471 वित्त विहीन कॉलेज शामिल हैं। इस बार बोर्ड परीक्षा में 1 लाख 54 हजार 613 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 74938 और इंटर के 79675 परीक्षार्थी हैं। बोर्ड मानक के तहत परीक्षा केंद्र बना दिया है। जल्द ही छात्रों को इसकी सूचना मिल जाएगी। बोर्ड परीक्षा से पहले प्री बोर्ड परीक्षा कराने के लिए सभी कॉलेजों को पत्र जारी कर दिया गया है। डीआईओएस राकेश कुमार का कहना है कि कक्ष निरीक्षकों की सूची तैयार कराई जा रही है। इस सप्ताह सूची तैयार कर बोर्ड को उपलब्ध करा दी जाएगी। परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।