धर्मापुर। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन बृहस्पतिवार को शीतला चौकियां धाम में संतान सुख की कामना के लिए 25 हजार भक्तों ने देवी के चरणों में हाजिरी लगाई। माता के स्कंदमाता स्वरूप का दर्शन करके भक्तों निहाल हो गए। माता का लाल-पीले रंग की चुनरी से शृंगार किया गया था। भोर में 4 बजे आरती के बाद मंदिरों के कपाट खोले गए। पुजारी मुक्तेश्वर पंडा ने बताया कि शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन 25 हजार भक्तों ने धाम में हाजिरी लगाई। महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि मान्यता है कि मां स्कंदमाता की पूजा से संतान सुख की प्राप्ति होती है। जीवन में चुनौतियों का सामना करने का साहस मिलता है। इस दिन मां को केसर की खीर, पीले रंग की मिठाई और मौसमी फल अर्पित करना शुभ माना जाता है। देवी गीतों से गूंजता रहा मां दक्षिणा काली मंदिर परिसर : जौनपुर। सिटी स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग ओवर ब्रिज के पास मां दक्षिणा काली मंदिर में नवरात्र के पांचवें दिन महिलाओं ने दर्शन पूजन किया। मां दक्षिणा काली का पूजन कर मंदिर प्रांगण में पचरा गीत, भजन-कीर्तन किया। इस दौरान मधु सिंह, सुमन श्रीवास्तव, पद्मावती सिंह, बीना सिंह, सुनीता तिवारी, विभा तिवारी ,गीता शर्मा, सीमा श्रीवास्तव, एवं प्रिया सिंह के चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है व सुमिर लो काली और हनुमान जैसे सुंदर भजनों से पूरा प्रांगण गुंजायमान रहा। मंदिर के प्रधान पुजारी भगवती सिंह वागीश ने प्रसाद वितरण कर आशीर्वाद दिया।