मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल विजेता और उपविजेता टीम। आयोजक
करंजाकला। जय किसान इंटर कॉलेज की ओर से माध्यमिक विद्यालयीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जौनपुर, वाराणसी और गाजीपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गाजीपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जय किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश यादव ने किया। पहला मुकाबला जौनपुर और वाराणसी की टीमों के बीच खेला गया। इसमें जौनपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 66 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में उतरी वाराणसी की टीम ने 9.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। इसके बाद फाइनल मुकाबले में गाजीपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 113 रन का लक्ष्य निर्धारित किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रतिद्वंद्वी टीम 42 रन पर ही सिमट गई। इस तरह गाजीपुर की टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के आयोजन में जेसीएफ जौनपुर के क्रिकेट कोच विवेक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।