पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिले भर में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई गई। हालांकि ठंड के कारण अधिकतर बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा।
सुबह जिलाधिकारी भानुचन्द्र गोस्वामी ने जिला चिकित्सालय में बने पोलियो बूथ पर बच्चे को दवा पिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिले में 722228 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया था।
बूथ पर 249854 बच्चों को ही दवा पिलाई गई।जो बच्चे पोलियो की खुराक पीने से वंचित रह गए हैं उन्हें सोमवार से स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर घर जाकर दवा पिलाएंगे।
जिला अस्पताल में पोलियो बूथ का शुभारंभ करने के बाद डीएम ने अस्पताल में मरीजों को बैठने के लिए मंगाई गई नई कुर्सियों की जांच की। साथ ही सीएमएस डा.एस के पाडेण्य को यथा स्थान कुर्सियां लगवाने का निर्देश दिया।
सीएमएस महिला आवास और भंडारी पुलिस चौकी के सामने अस्पताल की खाली पड़ी जमीनों को देखा। सीएमओ और सीएमएस को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश भी दिया। इस अवसर पर डीएफओ एपी पाठक, डीपीओ पवन कुमार यादव, डिप्टी सीएमओ डा. अनिल कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।