संवाद न्यूज एजेंसी
शाहगंज के हुसैना बाद में बृहस्पतिवार को साइबर ठगों ने फर्जी संदेश (मेसेज) के जरिये एक व्यक्ति के बैंक खाते से दो लाख 25 हजार 500 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित हुसेनाबाद निवासी भारत यादव ने बताया है कि उसके मोबाइल पर बैंक से जुड़ा एक संदेश आया, जिसमें खाते से संबंधित जानकारी अपडेट करने की बात कही गई थी।
संदेश पर दिए गए निर्देशों का पालन करते ही उसके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से रकम कट गई। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने बैंक से संपर्क किया, लेकिन तब तक राशि दूसरे खाते में ट्रांसफर हो चुकी थी।
साइबर अपराध थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठगों ने फर्जी लिंक एसएमएस के जरिए ओटीपी व बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर रुपयेे निकाले।
पुलिस संबंधित खातों की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक किरन कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान एसएमएस, लिंक या कॉल पर बैंक की गोपनीय जानकारी साझा न करें।
बैंक कभी भी फोन या संदेश के माध्यम से ओटीपी, पासवर्ड या केवाईसी अपडेट की मांग नहीं करता। ठगी की आशंका होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें।