बदलापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोमती नदी के गठाना घाट के पास सोमवार को नहाते समय एक किशोर नदी में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद कर लिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
डड़वा गांव निवासी राधेश्याम गौतम का बेटा जयहिंद गौतम (16) आर्य इंटर कालेज लेदुका में कक्षा दसवीं का छात्र था। वह गांव के अपने अन्य तीन साथी आजाद (14), एसपी (12) तथा सौरभ (13) के साथ घर से एक किलोमीटर दूर स्थित गोमती नदी के गठाना घाट पर सोमवार को 11 बजे नहाने गया था। सभी किशोर जैसे ही ही नदी में नहाने के लिए उतरे तभी जयहिंद थोड़ी ही देर में नदी में डूबने लगा। उसे डूबता देख साथी चिल्लाते हुए घर की तरफ दौड़े। घर पर सूचना मिलते ही परिजन सहित पूरा गाँव नदी की तरफ दौड़ पड़ा। बक्खोपुर , गठाना, डड़वा , नरौली , छंगापुर से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गोताखोर कल्लू , संजय , कुंजलाल , सहतू आदि ने नदी में जाल लगा कर डूबे बच्चे की तलाश में जुट गये। भारी मशक्कत के बीच गोताखोरों ने गठाना घाट के पास से ही किशोर को बाहर निकाला। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गये। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। जयहिंद अपने पांच भाइयो में सबसे छोटा था।