जौनपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा रविवार को कोतवाली चौराहे पर एक शाम शहीदो के नाम का आयोजन किया गया। जिसमें शहीदों को दीपांजली देकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस दौरान नाटक व मुशायरा व कविताओं के माध्यम से शहीदों के प्रति संवेदनाएं प्रकट किया गया। इस दौरान नाटक कार्यक्रम सलमान ग्रुप व शायर रामीस जौनपुरी व डा. प्रमोद वाचस्पति व अंसार जौनपुरी ने अपनी कविता पढ़ते हुए शहीदों को याद किया।
जिलाध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने कहा कि पुलवामा में हुए शहीद को नमन किया जा रहा है। आज इस गम के माहौल में भी हमारे हौसले कम नहीं हुए हैं। हमारे देश की सरकार व सेना इस घटना का बदला जरूर लेगी । ऐसा विश्वास प्रत्येक हिन्दुस्तानी को है । मौलाना वसिम शेरवानी ने कहा कि हिन्दुस्तान एक परिवार है। इस मुल्क में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति हिन्दुस्तानी है। हम सभी मिलकर यह ऐलान करते है कि देश को जब भी फौजियों की आवश्यकता पड़ेगी तो जौनपुर का प्रत्येक नौजवान सेना के साथ कदम से कदम मिलाकर दुस्मनों को जवाब देने का काम करेगा। प्रमुख धर्माचार्य पंडित अवधेष चतुर्वेदी ने कहा कि व्यापार मंडल ने इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश देने का काम किया है कि यह मुल्क एक है और यहां पर रहने वाला प्रत्येक नागरिक हिन्दुस्तानी हैं। अगर जरूरत पड़ी तो अपने प्रांणो की आहुती देने से पीछे नहीं हटेगा। नगर अध्यक्ष अनवारूल हक गुड्डू व जिला महामंत्री अशोक साहू ने संयुक्त रूप से कहा कि व्यापार मण्डल शहीदों की शहादत व्यर्थ नहीं जाने देगा। इतिहास गवाह है कि इस मुल्क में भामाशाह जैसे व्यापारी रहे है। जिन्होंने देश की एकता और अखंडता को बचाये रखने के लिए अपने खजाने का मुह खोल दिया था। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश जायसवाल, अमरनाथ मोदनवाल,जिला युवाध्यक्ष संजीव साहू, अवधेष श्रीवास्तव, प्रेम नरायण जायसवाल, कमालुद्दी अंसारी, अंजुम सिद्दकी, अमर बहादुर सेठ, राजू जायसवाल, अंसार इदरिषी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र जायसवाल ने किया।