जौनपुर। कोरोना के लगातार नए मरीज मिलने के बाद कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़ गई है। शुक्रवार को 21 नए कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए। अब जिले में 45 ऐसे जोन बन गए हैं। छह हॉट स्पॉट एरिया पहले से ही हैं। कंटेनमेंट जोन में सभी तरह की आवाजाही को रोककर वहां सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों की सेहत का ब्योरा जुटा रही है।
बृहस्पतिवार को जिले में कोरोना के 40 नए केस सामने आए थे। इसमें अधिकांश मरीज ऐसे हैं, जिनके परिवार या किसी करीबी के पहले ही कोरोना होने की की पुष्टि हो चुकी थी। नए मरीजों से जुड़े 21 गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। यहां पांच इलाकों से पति-पत्नी समेत दस मरीज मिले हैं। बदलापुर में दो गांवों से तीन और महराजगंज में तीन मरीज मिले हैं। इन इलाकों में मरीज के घर के आसपास की ढाई सौ मीटर परिधि में सील कर सैनिटाइजेशन और वहां रहने वालों के स्वास्थ्य की जांच कराई जा रही है। अगले 28 दिनों तक इस इलाके में किसी तरह की आवाजाही नहीं होगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग मरीजों के संपर्क में आने वालों और पासपड़ोस के लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। खुटहन बीडीओ गौरवेंद्र सिंह के नेतृत्व में उसरौली गांव को सेनेटाइज कराया गया। बक्शा के सड़ेरी और सिकरारा के डमरुआ गांव को भी सील कर वहां छिड़काव कराया गया। उधर, शहर के ओलंदगंज इलाके में कंटेनमेंट एरिया में दूसरे दिन भी पुलिस की निगरानी में स्वास्थ्य जांच का क्रम जारी रहा। मुख्य चौराहा सील होने के कारण अब लोगों को दूसरे रास्तों से होकर आना-जाना पड़ रहा है। इससे संकरी गलियों में जाम की स्थिति भी बन रही है।
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद 39 का लिया सैंपल
खुटहन। स्थानीय सीएचसी पर प्रवासी मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। लंबी कतारों में लोग जांच के लिए खड़े रहे। सीएचसी अधीक्षक राजेश रावत ने बताया कि शुक्रवार को 169 प्रवासी श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसमें 39 लोगों का तापमान अधिक मिला। संदेह के आधार पर नमूना लेकर जांच को भेजा गया है। सभी को होम क्वारंटीन में रखा गया है। शाहगंज सीएचसी पर आरपीएफ प्रभारी सहित 26 पुलिस कर्मियों ने कोरोना की जांच कराई। सीएचसी पर आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव के नेतृत्व में पहुंचे कर्मचारियों ने स्वास्थ्य टीम को सैंपल लिया।
बिना मास्क टहल रहे 43 लोगों पर लगा जुर्माना
जौनपुर/मछलीशहर। तहसील प्रशासन व कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाकर बिना मास्क लगाए टहल रहे 35 लोगों से 4900 रुपये जुर्माना वसूला है। बिना मास्क के काउंटर पर बैठे दुकानदार को मास्क लगाकर की कारोबार करने की हिदायत दी गई। शुक्रवार को एसडीएम अमिताभ यादव व सीओ अवधेश शुक्ला के नेतृत्व में नगर में भ्रमण कर रही टीम ने मॉस्क नहीं लगाने और शारीरिक दूरी का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने नगर में बिना मास्क लगाए घूम रहे 35 लोगों का चालान काटा। उनसे 4900 रुपये जुर्माना वसूला गया। नगर के सब्जी मंडी, सराय, शादीगंज, मंगल बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बेवजह भीड़ लगाकर खड़े लोगों को पुलिस ने खदेड़ा। कोतवाल विजय कुमार चौरसिया ने दुकानों में भीड़ लगाकर बिना शारीरिक दूरी का पालन नहीं करवाने वाले दुकानदारों पर केस दर्ज करने की चेतावनी दी। इस दौरान ईओ अनिल सिंह, प्रवेश सिंह, महिला एसआई सरिता यादव, एसआई शिवराज सिंह यादव आदि शामिल रहे। उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र से पुलिस ने आठ लोगों का चालान काटा। सभी बिना मास्क के ही घूम रहे थे। कोतवाल पवन उपाध्याय ने बताया कि सभी से 100-100 रुपये जुर्माना लिया गया है।