जौनपुर। मऊ जिले के दोहरीघाट में सोमवार को बैंक के सामने हुई पेट्रोल पंप संचालक से 18 लाख रुपये लूट की घटना के बाद जिले की भी पुलिस एलर्ट पर रही। एसपी आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले भर के थानेदारों ने अपने अपने इलाके की बैंकों में छानबीन की। बैंकों में संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई और उनका नाम व पता नोट करने के बाद फोटोग्राफी कर छोड़ दिया गया। हालांकि इस छानबीन में पुलिस के हाथ कुछ खास नहीं लग सका।
बक्शा थानाध्यक्ष अरविंद यादव ने क्षेत्र के यूनियन बैंक की शाखा नौपेड़वा, शंभूगंज, स्टेट बैंक की शाखा नौपेड़वा और एटीएम बूथों पर भी छानबीन की। यूबीआई की नौपेड़वा शाखा में पुलिस ने संदिग्ध लोगों की तलाशी ली फिर उनका नाम और पता नोट कर फोटो ग्राफी करने के बाद छोड़ दिया गया।
धर्मापुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी निरीक्षक गौराबादशाहपुर विजय कुमार चौरसिया ने एसबीआई की शाखा धर्मापुर, यूबीआई शाखा में भी छानबीन की। इस दौरान बैंक में रुपये जमा करने आए व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि अगर उन्हें पचास हजार से अधिक की रकम बैंक में जमा करना है तो उसकी जानकारी पुलिस को दें । पुलिस उनके रूपयों को सुरक्षित बैंक पहुंचाने में मदद करेगी। बदलापुर, सिंगरामऊ, मछलीशहर, मडिय़ाहूं, जलालपुर, खेतासराय, केराकत, चंदवक, सरायख्वाजा, शाहगज समेत जिले के सभी थानों की पुलिस ने बैंकों में तलाशी अभियान चलाया। बैंकों के बाहर खड़े लगों से भी पूछताछ की गई।