सिकरारा। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। ब्लाक के शिक्षकों को बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर पुरस्कृत किया जायेगा। पुरस्कारों का मानक उनके द्वारा शिक्षण सत्र 2018-19 में किये गए कार्यों की समीक्षा पर तय होगा। खंड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने बताया है कि 16 फरवरी को बीआरसी में आयोजित आईसीटी की कार्यशाला में 20 शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नामांकन, ठहराव, नवाचार, विद्यालय के परिवेश और खेलकूद समेत अन्य क्षेत्र में किये गए उल्लेखनीय काम के लिए पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा है कि शिक्षक अपने बेहतर कार्य का संक्षिप्त विवरण और यदि उससे संबंधित फोटो या वीडियो हो तो 14 फरवरी तक बीआरसी में जमा कर सकते है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान के साथ अन्य शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ अमित सिंह और पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने बीईओ की पहल का स्वागत किया है।