जौनपुर। जिला अस्पताल में चिकित्सक जन औषधि केंद्र से खरीदी गईं दवाइयों को वापस करा देते हैं। कमीशन के चक्कर में मेडिकल स्टोरों से दवाएं खरीदने के लिए मरीजों पर दबाव बनाया जाता है। इसके चलते गरीब मरीजों को महंगे दामों पर दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं। जिला अस्पताल में हर रोज तकरीबन एक हजार मरीज ओपीडी में इलाज कराने आते हैं। इन मरीजों को सस्ते दाम पर दवाएं उपलब्ध कराने के लिए जून में अस्पताल परिसर में जन औषधि केंद्र खोला गया था। इस नई व्यवस्था से मरीजों को राहत होने लगी लेकिन चिकित्सकों की कमीशन से होने वाली कमाई प्रभावित होने लगी। ऐसे में चिकित्सक मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने के लिए मरीजों पर दबाव बनाते हैं। जो मरीज जन औषधि केंद्र से दवाएं खरीदते हैं, उन्हें चिकित्सक वापस करा देते हैं। कुछ मरीजों ने बताया कि जन औषधि केंद्र की दवाएं लेकर जाने पर चिकित्सक नाराज हो जाते हैं। डॉक्टरों की वजह से ही जन औषधि केंद्र में ताला बंद होने के हालात उत्पन्न हो गए हैं। इस मामले में जन औषधि केंद्र संचालक की शिकायत के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।