जौनपुर। नगर निकाय चुनाव में दूसरे चरण का मतदान 11 मई को है। इसके मद्देनजर रविवार को परिवहन निगम के जौनपुर डिपो से 20 बसें चुनाव ड्यूटी में भेज दी गई हैं। ऐसे में बसों की कमी होने के कारण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मजबूरी में लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा। जौनपुर डिपो में कुल 74 बसें हैं। डिपो से प्रतिदिन आठ से 10 हजार लोग यात्रा करते हैं। शादी का सीजन होने के कारण यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गई है। ऐसे में डिपो से 20 बसें चुनाव ड्यूटी में जाने से लोगों को कड़ी धूप व घंटों रोडवेज परिसर में इंतजार करना पड़ सकता है। सभी मार्गों से एक व दो बसें कम कर दी गई हैं। जौनपुर डिपो के एआरएम रमेश सिंह ने बताया है कि दूसरे चरण चुनाव के लिए डिपो से 20 बसें भेजी गई हैं। इससे डिपो में बसों की संख्या घट गई है जबकि यात्रियों का दबाव बढ़ गया है।